उत्तराखण्ड
नैनीताल जिले में उपजिलाधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले, कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अफसरों की तैनाती
नैनीताल जिले में उपजिलाधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले, कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अफसरों की तैनाती
एटम बम डेस्क, नैनीताल
नैनीताल जिले में तहसीलदारों के तबादलों के बाद अब उपजिलाधिकारियों (SDM) के स्तर पर भी बड़ा फेरबदल किया गया है। जिला प्रशासन ने कई अनुभवी अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिससे जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
तबादला आदेशों के मुताबिक, हल्द्वानी के उप जिलाधिकारी परितोष वर्मा को कालाढूंगी का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, कालाढूंगी की वर्तमान उपजिलाधिकारी रेखा कोहली को हल्द्वानी की उपजिलाधिकारी न्यायिक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रामनगर के उप जिलाधिकारी राहुल शाह को हल्द्वानी के उपजिलाधिकारी के पद पर स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह अब नैनीताल के उपजिलाधिकारी (न्यायिक) प्रमोद कुमार को रामनगर का नया उपजिलाधिकारी बनाया गया है।
कैंची धाम, जो आध्यात्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है, वहां की कमान अब विपिन चंद्र पंत संभालेंगे, जो अब नैनीताल जिला कार्यालय के प्रभारी अधिकारी होंगे। उनकी जगह पर हल्द्वानी के उपजिलाधिकारी न्यायिक तुषार सैनी को कैंची धाम का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, जिला मुख्यालय कार्यालय के प्रभारी अधिकारी नवाजिश खलिक को नैनीताल के प्रभारी उपजिलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन के इस फेरबदल से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों और जनहित सेवाओं के संचालन में नई गति आने की संभावना जताई जा रही है। आम जनता की निगाहें अब इन अधिकारियों की कार्यशैली और निर्णयों पर टिकी रहेंगी।




