उत्तराखण्ड
ऊधम सिंह नगर: 46 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर: 46 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर/देहरादून। नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र से एक शातिर नशा तस्कर को दबोचा गया है। उसके कब्जे से 152.39 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 46 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोख सिंह (40 वर्ष), निवासी लालपुर, गुरुद्वारे के पास के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह हेरोइन बरेली से लाकर ऊधम सिंह नगर में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था।
सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए तस्कर के नेटवर्क में कई और लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। उनके खिलाफ अलग से कार्रवाई की तैयारी चल रही है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
जनवरी 2025 से अब तक की बरामदगी
- चरस: 11 किलो 981 ग्राम
- हेरोइन: 1 किलो 356 ग्राम
- एमडीएमए: 7.41 ग्राम
- अफीम: 2 किलो 513 ग्राम
यह बरामदगी साफ दिखाती है कि नशे का कारोबार लगातार फैल रहा है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।
आरोपी का तरीका
आरोपी बाहर से हेरोइन लाकर किच्छा और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। नशे की खुराक पर युवा पीढ़ी को फंसाने का यह खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। STF की पूछताछ में कई और नाम सामने आए हैं, जिससे साफ है कि यह कोई अकेला धंधेबाज नहीं बल्कि संगठित गिरोह है।
जनता के लिए चेतावनी
यह गिरफ्तारी एक चेतावनी है कि नशे का कारोबार कितना खतरनाक और महंगा खेल है। इसमें लिप्त किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी और जेल जाना तय है। नशे के सौदागर सिर्फ युवाओं का भविष्य नहीं बर्बाद कर रहे, बल्कि पूरे समाज को तबाही की ओर धकेल रहे हैं।
अब सवाल ये है कि जब बार-बार तस्कर पकड़े जा रहे हैं, तब भी हेरोइन और चरस की सप्लाई का सिलसिला आखिर रुक क्यों नहीं रहा? कौन हैं वो परछाई वाले चेहरे, जिनके सहारे यह कारोबार फल-फूल रहा है?







