उत्तराखण्ड
देहरादून में ‘स्पा सेंटर’ की आड़ में खेल! बिना वेरिफिकेशन 7 महिलाएं मिलीं, संचालक पर कार्रवाई
देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत स्पा सेंटरों पर की गई कार्रवाई में बिना सत्यापन के काम कर रही महिलाओं और संचालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। बाजार क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों के औचक निरीक्षण के दौरान बाहरी राज्यों से आई 7 महिलाएं बिना किसी सत्यापन के काम करती मिलीं।
मौके पर सभी महिलाओं को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, स्पा सेंटर संचालक पर भी बिना सत्यापन के महिलाओं को काम पर रखने के आरोप में पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान किया गया और संबंधित स्पा सेंटर को बंद करा दिया गया।
बताया गया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर होटल, ढाबा, स्पा सेंटर, फड़-फेरी और अपार्टमेंट में कार्यरत लोगों के सत्यापन को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में जांच जारी रहने की बात कही गई है।




