उत्तराखण्ड
जुए की बाजी से गोलियों की गूंज तक! रामनगर के बाग को लेकर सभासदो ने पुलिस से मांगी कार्रवाई
रामनगर में बाग बना जुए और नशे का अड्डा! रात में हवाई फायरिंग से दहशत, सभासद ने पुलिस से मांगी सख्त कार्रवाई
रामनगर। शहर में अपराध और अराजकता को लेकर अब नगर पालिका की सभासदो ने ही पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर पालिका परिषद रामनगर के सभासदो ने कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक को शिकायती ज्ञापन देकर एक बाग में कथित तौर पर चल रहे जुए, नशे और झगड़े के अड्डे पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि 10 अगस्त की रात जुए के चक्कर में बाग के आसपास अज्ञात लोगों द्वारा हवाई फायरिंग तक की गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
सभासदो के ज्ञापन के मुताबिक वार्ड नंबर-15 के सामने स्थित एक बाग में कुछ लोग आए दिन एकत्र होकर जुआ खेलने और नशे का सेवन करते हैं। आरोप है कि नशे और जुए के बाद वहां गाली-गलौज, मारपीट और आपसी लड़ाई-झगड़े की घटनाएं होती रहती हैं। इससे क्षेत्र में अशांति और भय का माहौल पैदा हो रहा है।
जुए की महफिल से हवाई फायरिंग तक पहुंचा मामला
शिकायती पत्र में सबसे सनसनीखेज उल्लेख 10 अगस्त 2026 की रात का है। सभासद ने बताया है कि जुए के चक्कर में बाग के आसपास अज्ञात लोगों द्वारा हवाई फायरिंग भी की गई। इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह है कि अगर सार्वजनिक स्थान के आसपास इस तरह हथियार लहराकर फायरिंग की जा रही है तो पुलिस की निगरानी आखिर कहां है?
सभासदो ने अपने ज्ञापन में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार अराजक तत्वों की गतिविधियों से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
पहले भी सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन को कराया गया था अवगत
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मामले की जानकारी पूर्व सभासद राजा सलमानी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाई जा चुकी थी। बावजूद इसके यदि गतिविधियां जारी हैं और अब मामला कथित हवाई फायरिंग तक पहुंच गया है, तो यह पुलिस की स्थानीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सभासद की मांग—सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, लगातार निगरानी हो
सभासदो ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चौकी प्रभारी को निर्देशित करने की मांग की है। उन्होंने बाग में जुआ खेलने, शराब/नशे का सेवन करने और लड़ाई-झगड़ा करने वाले लोगों की जांच, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को भी दी गई है।
अब बड़ा सवाल यही है—क्या रामनगर पुलिस इस शिकायत को महज एक और कागजी शिकायती पत्र मानकर फाइलों में दबा देगी, या फिर बाग में चल रही कथित जुए-नशे की महफिल और हवाई फायरिंग के आरोपों की तह तक जाएगी?
क्योंकि मामला सिर्फ जुए या नशे का नहीं है। जब किसी रिहायशी इलाके के पास कथित तौर पर जुआ, नशा, मारपीट और हवाई फायरिंग जैसी घटनाओं के आरोप सामने आने लगें, तो यह सीधे आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा सवाल बन जाता है।
कोतवाल सुशील कुमार को ज्ञापन देने वालों में सभासद निशाद फातमा, पारस गोला, विक्रम भट्ट,करीमुद्दीन,सलमान सलमानी,दीप्ती बिष्ट,सचिन कुमार आर्य,दिव्या राना और शमीम अहमद शामिल हैं.




