उत्तराखण्ड
रामनगर: व्लॉगर बिरजू मयाल का थाने से अस्पताल तक हंगामा, पुलिस ने हिरासत में लिया
रामनगर। सोशल मीडिया व्लॉगर बिरजू मयाल एक बार फिर विवादों में हैं। पुलिस के मुताबिक, देर रात कथित तौर पर शराब के नशे में बिरजू मयाल रामनगर कोतवाली पहुंचा और वहां हंगामा करते हुए कार्यालय में तोड़फोड़ करने तथा सरकारी कागजात फाड़ने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, स्थिति को देखते हुए बिरजू मयाल को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची।
आरोप है कि अस्पताल में मेडिकल के दौरान भी बिरजू मयाल ने हंगामा किया और डॉक्टर के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की। थाने से शुरू हुआ विवाद अस्पताल तक पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाने के बाद अस्पताल में भी हंगामा
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली कार्यालय में तोड़फोड़ और दस्तावेज फाड़ने के बाद मेडिकल कराने के दौरान अस्पताल में भी बिरजू मयाल का व्यवहार विवादित रहा। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज के मामले को भी कार्रवाई में शामिल किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने बिरजू मयाल को हिरासत में लेकर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




