Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों की समस्याओं पर मंथन, सरकार ने समाधान का दिया भरोसा

हल्द्वानी, 12 मार्च 2026।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा है कि प्रदेश के मीडिया कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों से जुड़े मामलों, विशेषकर मान्यता नवीनीकरण और आर्थिक सहायता से संबंधित मुद्दों को विभाग गंभीरता से ले रहा है और इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
गुरुवार को हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने पत्रकारों के साथ संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने बताया कि मृतक आश्रित पत्रकार परिवारों को आर्थिक सहायता देने से जुड़े सभी लंबित मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। साथ ही यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पाती है, तो उसके लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव भेजना होगा।
बैठक में चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के पत्रकारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत ही सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्रकारों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
इस दौरान पत्रकारों ने संयुक्त निदेशक के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें पत्रकारों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा, पत्रकार मान्यता प्रक्रिया को सरल बनाने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए ऋण योजना, राज्य अतिथि गृहों में तत्काल आरक्षण की व्यवस्था, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण, रेलवे में पूर्व की तरह आरक्षण सुविधा पुनः शुरू करने तथा टोल प्लाजाओं में मान्यता प्राप्त पत्रकारों को छूट देने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। इसके अलावा जिला पत्रकार स्थायी समिति में जिले के सभी क्षेत्रों से मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सदस्य के रूप में शामिल करने का मुद्दा भी उठाया गया।
संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि सूचना विभाग के स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उन्हें जल्द निस्तारित किया जाएगा। वहीं अन्य विभागों से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं क्षेत्र के पत्रकार तथा सूचना विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page