उत्तराखण्ड
अपराध बढ़ते रहे, ‘पुलिस की पाठशाला’ में छात्राओं को दी गई सुरक्षा की नसीहत
नैनीताल। जनपद में बढ़ते महिला अपराध और साइबर ठगी के मामलों के बीच पुलिस अब स्कूलों में “पुलिस की पाठशाला” लगाकर जागरूकता का पाठ पढ़ा रही है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बेतालघाट पुलिस ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट पहुंचकर छात्राओं को महिला अपराधों और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अपराधों की रोकथाम, हेल्पलाइन 112 की उपयोगिता और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में बताया गया। पुलिस ने छात्राओं को अंजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, आधार नंबर, निजी फोटो जैसी संवेदनशील जानकारी साझा न करने की सलाह दी। साथ ही साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से कहा गया कि वे यह जानकारी अपने परिवार और मित्रों तक भी पहुंचाएं, ताकि साइबर अपराधों और महिला अपराधों के प्रति व्यापक जागरूकता फैल सके।
हालांकि सवाल यह भी उठता है कि जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर अपराधों पर लगाम कितनी कस रही है, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस की पाठशाला के जरिए छात्राओं को सुरक्षा के गुर जरूर सिखाए गए।




