Connect with us

उत्तराखण्ड

जनता से सीधा संवाद, अधिकारियों को सख्त निर्देश: टनकपुर में सीएम धामी ने सुनी लोगों की समस्याएं

‘मुख्य सेवक संवाद’ में जनता से मिले सीएम धामी, टनकपुर को हेल्थ हब और वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने का दावा

टनकपुर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टनकपुर स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की माताओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापार मंडल, पूर्णागिरि मेला समिति और जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनता से मिली शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और समाधान करना है। उन्होंने क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय जरूरतों को लेकर उपस्थित लोगों से विस्तार से चर्चा की।

नेपाल तक के मरीजों के लिए अहम है टनकपुर अस्पताल

मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर अस्पताल के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह अस्पताल केवल टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल से आने वाले मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र है। इसी को देखते हुए यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में पहले से उपलब्ध डायलिसिस सुविधा का विस्तार किया जाएगा और जल्द ही एक नई डायलिसिस मशीन भी स्थापित की जाएगी।

पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा बूम क्षेत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर का बूम क्षेत्र आने वाले समय में पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स का बड़ा केंद्र बन सकता है। सरकार इसे विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही इस क्षेत्र को आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी तैयार करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देशभर से माँ पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिला महामंत्री हिमेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page