उत्तराखण्ड
रामनगर में ‘नशे का कुरियर’ पकड़ा: बिना नंबर बाइक से गांजा ढो रहा था युवक, सप्लायर का नाम उगला
रामनगर में ‘नशे का कुरियर’ पकड़ा: बिना नंबर बाइक से 9.846 किलो गांजा ढो रहा था युवक, सप्लायर का नाम उगला
रामनगर क्षेत्र में नशे के काले कारोबार पर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस चेकिंग के दौरान एक युवक को बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में गांजा ढोते हुए दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपी के पास से 9.846 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जो सीधे तौर पर इलाके में फैलते नशे के जाल की गहराई को उजागर करता है।
जानकारी के मुताबिक, 22 फरवरी 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम थारी, रामनगर निवासी विशाल सिंह पुत्र कुलवीर सिंह को बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 9.846 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह अवैध गांजा गुलरघट्टी निवासी अशोक त्यागी से लेकर आ रहा था। इस खुलासे के बाद अब अशोक त्यागी को भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत वांछित कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में एफआईआर नंबर 48/26 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
यह गिरफ्तारी सिर्फ एक आरोपी की नहीं, बल्कि उस नेटवर्क की ओर इशारा करती है जो युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने का काम कर रहा है। सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी खेप बिना नंबर की बाइक पर खुलेआम कैसे घूम रही थी? और क्या इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है?
अब देखना होगा कि मुख्य सप्लायर अशोक त्यागी तक पुलिस कब पहुंचती है और इस नशे की सप्लाई चेन के और कितने चेहरे बेनकाब होते हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




