उत्तराखण्ड
रामनगर में गुलदार बाइक सवार दो युवकों पर झपटा
रामनगर। तराई पश्चिमी वन विभाग की पतरामपुर रेंज एक बार फिर गुलदार के खौफ से दहल उठी है। पतरामपुर बाजार के पास सत्संग भवन के समीप बाइक से जा रहे दो युवकों पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि आसपास से गुजर रहे लोगों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक पतरामपुर बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सुनसान रास्ते पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे दो गुलदारों ने बाइक पर सवार युवकों पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से युवक सड़क पर गिर पड़े। गुलदार के हमले में उन्हें सिर, हाथ और पीठ में गंभीर चोटें आईं। युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, तब जाकर गुलदार भागे।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन वन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
वन विभाग की टीम के पहुंचने के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया। फिलहाल दोनों युवकों की खतरे से बाहर है।
लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से पतरामपुर और आसपास के गांवों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और गुलदार की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। लोगों का साफ कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है।




