उत्तराखण्ड
“खौफ दिखाया, कैमरे में फंसे: अपहरण और लूट के आरोपी सलाखों के पीछे”
रामनगर में तमंचे की नोंक पर अपहरण-लूट करने वाले तीन आरोपी सलाखों के पीछे हुए कैद!
रामनगर में कानून को चुनौती देने वालों के लिए यह साफ संदेश है कि सोशल मीडिया पर दिखी गुंडागर्दी अब सबूत बन रही है। वायरल वीडियो के आधार पर नैनीताल पुलिस ने रामनगर क्षेत्र में तमंचे की नोंक पर अपहरण, मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला उस वक्त सामने आया जब पीड़ित शुभम कश्यप ने कोतवाली रामनगर में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, आरोपी समीर खान ने उसे बहला-फुसलाकर जबरन अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठाया, फिर अपने साथियों के साथ मिलकर न सिर्फ उसका अपहरण किया बल्कि देशी तमंचा कनपटी पर रखकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पीड़ित से पर्स भी लूट लिया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली रामनगर में FIR संख्या 428/25 दर्ज की गई, जिसमें बीएनएस की कई गंभीर धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट लगाया गया है।
कार्रवाई का नतीजा: तीनों आरोपी दबोचे गए
मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के ज़रिए आरोपियों को रामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
1️⃣ समीर खान – निवासी बम्बाघेर, रामनगर
2️⃣ ईशान खान उर्फ पव्वा – निवासी शक्तिनगर पूछड़ी, रामनगर
3️⃣ रिहान अल्वी – निवासी तेलीपुरा, रामनगर
बरामदगी ने खोली पूरी कहानी
समीर खान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और बुलेट मोटरसाइकिल
ईशान उर्फ पव्वा से पीड़ित का लूटा हुआ पर्स (₹290 व जरूरी दस्तावेज)
रिहान अल्वी से पीड़ित का आधार कार्ड बरामद
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
साफ संदेश
इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अब अपराधी खुद अपने अपराध का वीडियो बनाकर फंस रहे हैं। पुलिस का साफ कहना है कि जिले में गुंडागर्दी, अपहरण और हथियारों का डर दिखाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।




