उत्तराखण्ड
देहरादून में तड़के उतरी पुलिस: मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को दिया सुरक्षा का भरोसा, संदिग्धों पर सख्ती
देहरादून में आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशों पर रविवार तड़के सुबह से ही गौरा पुलिस की अलग-अलग टीमें मैदान में उतर गईं और शहर के सार्वजनिक स्थानों व पार्कों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस टीमों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ काम पर जाने वाली महिलाओं से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि हर कदम पर दून पुलिस उनके साथ खड़ी है।
अभियान के तहत पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं, वहीं अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई भी की गई। यातायात पुलिस की टीमें भी इस अभियान में शामिल रहीं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, SSP के निर्देशों के बाद पूरे जनपद में दिन-रात सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है।
दून पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे और नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।




