उत्तराखण्ड
कालाढूंगी में भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने की टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल हल्द्वानी रेफर
कालाढूंगी। नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वन निगम कार्यालय के पास उस समय हुआ जब दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:10 बजे वन निगम के पास किया सोनेट (UK04AM-8740) और अल्टो 800 (UK04S-2977) के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद शुभम सामन्त (30 वर्ष) पुत्र होशियार सिंह सामन्त, निवासी रामपुर चकलुवा को मृत घोषित कर दिया। शुभम को हादसे में गंभीर चोटें आई थीं।
वहीं हादसे में घायल कमल मिश्रा (30 वर्ष), हर्षित अधिकारी (31 वर्ष) और नरेन्द्र अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस से हल्द्वानी रेफर किया गया है।
बताया गया है कि किया सोनेट कार में चालक विक्रम रावत, साक्षी और भावना वालिया सवार थे, जबकि अल्टो कार में शुभम सामन्त समेत चार लोग मौजूद थे।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मृतक
शुभम सामन्त (30 वर्ष)
पुत्र: होशियार सिंह सामन्त
निवासी: रामपुर चकलुवा
घायल
कमल मिश्रा (30 वर्ष)
हर्षित अधिकारी (31 वर्ष)
नरेन्द्र अधिकारी




