उत्तराखण्ड
रामनगर: रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी के केक को लेकर विवाद, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप; प्रबंधन ने किया खंडन
रामनगर: रिजॉर्ट में बर्थडे पार्टी के केक को लेकर विवाद, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप; प्रबंधन ने किया खंडन
रामनगर के कॉर्बेट नेशनल पार्क के समीप ढिकुली स्थित एक रिजॉर्ट में आयोजित जन्मदिन की पार्टी के दौरान परोसे गए केक को लेकर विवाद सामने आया है। उत्तर प्रदेश से आए एक परिवार ने आरोप लगाया है कि करीब ₹2,000 में मंगाए गए केक में फफूंद और छोटे-छोटे कीड़े मौजूद थे, जिससे बच्चों समेत करीब 16 लोगों की तबीयत बिगड़ गई।
परिवार का कहना है कि केक खाने के बाद कई लोगों को उल्टियां होने लगीं। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद रिजॉर्ट स्टाफ ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
वहीं, रिजॉर्ट प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। रिजॉर्ट के सीजीएम दीपक आर्य ने ATOM BOMB MEDIA को बताया कि उनके यहां केक उपलब्ध नहीं था और मेहमानों के अनुरोध पर बाजार स्थित क्लासिक बेकरी से केक मंगवाया गया था। उनका कहना है कि पार्टी समाप्त होने के बाद मेहमानों ने केक खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद क्लासिक बेकरी के संचालक भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने केक की गुणवत्ता सही होने का दावा किया।
रिजॉर्ट प्रबंधन के अनुसार, मेहमानों की संतुष्टि के लिए तत्काल केक की गुणवत्ता की जांच कराने का प्रस्ताव भी दिया गया था, लेकिन उस समय शिकायतकर्ता जांच के लिए तैयार नहीं हुए और अगले दिन कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। प्रबंधन ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को असत्य बताया है।
इधर, रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है और इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं और वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




