उत्तराखण्ड
बकरीद से पहले पुलिस-प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी बैठकों में सौहार्द और सुरक्षा पर जोर
हल्द्वानी/नैनीताल। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी बैठकों का आयोजन कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ व्यापक चर्चा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले के थाना मल्लीताल, भवाली, लालकुआं, बनभूलपुरा, हल्द्वानी, काठगोदाम और मुखानी क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की गईं। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी पक्षों से त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
कोतवाली मल्लीताल, भवाली परिसर और हल्द्वानी कोतवाली के मीटिंग हॉल में आयोजित बैठकों की अध्यक्षता एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने की। इस दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान त्योहार से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन ने साफ किया कि शहर में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
प्रशासन द्वारा चिन्हित 12 स्थानों पर ही कुर्बानी की जाएगी।
कुर्बानी स्थलों पर पहले से पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अवशेषों को खुले में छोड़ने पर रोक रहेगी और तत्काल निस्तारण के लिए नगर निगम के वाहन तैनात किए जाएंगे।
शहर में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।
आमजन से अपील की गई कि कुर्बानी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें, ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी समुदायों से त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए क्षेत्रीय समस्याओं और सुझावों को साझा किया। अधिकारियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




