उत्तराखण्ड
वर्दी वाले वीरों से लेकर युवा पीढ़ी तक… रिनेसां कॉलेज में देशभक्ति का ऐसा रंग चढ़ा कि गूंज उठा ‘वंदे मातरम्’

पूर्व सैनिकों ने निकाला मार्च, कारगिल के शहीदों की वीरगाथा सुनाकर जगाया राष्ट्रप्रेम; ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रस्तुति ने बांधा समां
रामनगर। रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, बसई में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, सम्मान और राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ मनाया गया। समारोह में सेना के पूर्व सैनिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। पूर्व सैनिकों ने मार्च निकालकर आयोजन में भागीदारी की और विद्यार्थियों के साथ देश की रक्षा के दौरान सेना के पराक्रम तथा कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों की गाथाएं साझा कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक गुसाईं तथा पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन आनंद सिंह नेगी, उपाध्यक्ष कैप्टन विनोद रावत, सचिव कैप्टन विक्रम सिंह कंडारी और कोषाध्यक्ष कैप्टन यशवंत सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहरते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
‘वर्दी ही नहीं, ईमानदारी से काम करना भी देश सेवा’
पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सेवा केवल सेना की वर्दी पहनकर ही नहीं की जाती। व्यक्ति जिस भी क्षेत्र में काम कर रहा हो, यदि वह ईमानदारी, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपना कर्तव्य निभाता है तो वह भी राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है।
पूर्व सैनिकों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों द्वारा दिए गए बलिदान और संघर्षों से भी रूबरू कराया।
पूर्व सैनिकों और समाजसेवियों का सम्मान
समारोह के दौरान संस्थान की ओर से पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के लिए वरिष्ठ पत्रकार खुशाल रावत तथा सामाजिक कार्यों के लिए ब्लॉगर मुकेश सुयाल को भी संस्थान की ओर से सम्मानित किया गया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने किया भाव-विभोर
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया, जिसने समारोह में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया। प्रस्तुति के दौरान परिसर में देशभक्ति का माहौल और भी गहरा गया तथा पूरा कॉलेज परिसर ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा।
आलोक गुसाईं की Gen-Z को नसीहत—सोशल मीडिया के इस्तेमाल में रहें सतर्क
संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक गुसाईं ने डिजिटल दौर में युवाओं की भूमिका पर बात करते हुए Gen-Z को मोबाइल और सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर मिलने वाली भ्रामक अथवा भड़काऊ सामग्री से सावधान रहने और बिना सत्यापन किसी बात से प्रभावित न होने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के हाथ में सूचना की ताकत है, इसलिए इस ताकत का इस्तेमाल देश और समाज के हित में जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
समारोह में गढ़वाल गौरव सैनिक संगठन के पदाधिकारी और सैन्य पदक विजेता सैनिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के डायरेक्टर कुणाल मदान ने समारोह में शामिल हुए सभी पूर्व सैनिकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।




