उत्तराखण्ड
रामनगर के विकास को लेकर सांसद अनिल बलूनी के सामने रखी गईं बड़ी मांगें, केंद्रीय विद्यालय से एलिवेटेड बाईपास तक उठे मुद्दे

रामनगर। विधानसभा दौरे पर पहुंचे सांसद अनिल बलूनी के समक्ष रामनगर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सांसद से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास परियोजनाओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में रामनगर के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए। इनमें रामनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, रेलवे स्टेशन पर दो प्लेटफार्मों के बीच फुट ओवर ब्रिज का निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए एलिवेटेड बाईपास रोड का निर्माण, रामनगर-रानीखेत और रामनगर-पौड़ी हाईवे का दो लेन में विस्तार, राष्ट्रीय महत्व के एक केंद्रीय शिक्षण संस्थान की स्थापना और रोडवेज बस पोर्ट का कार्य शीघ्र पूरा कराने जैसी मांगें प्रमुख रहीं।
भाजपा नेता गणेश रावत ने बताया कि सांसद अनिल बलूनी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित मंत्रालयों से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र की अन्य समस्याओं और विकास योजनाओं से जुड़े मुद्दे सांसद के समक्ष रखे।
रामनगर जैसे तेजी से बढ़ते शहर में शिक्षा, यातायात और आधारभूत ढांचे से जुड़े ये मुद्दे लंबे समय से चर्चा में रहे हैं। अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि आश्वासनों के बाद इन योजनाओं पर जमीन पर कितना काम आगे बढ़ता है।




