उत्तराखण्ड
महिला से अभद्रता और सोशल मीडिया पर धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हल्द्वानी। हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र की नीलांचल कॉलोनी (फेज-6, डहरिया) में एक महिला से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नैनीताल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, घटना 14 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। पीड़िता के घर पर एक डिलीवरी बॉय पता पूछने आया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सलीक अली पुत्र आफताब हुसैन ने बिना किसी कारण महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अशोभनीय इशारे करने लगा। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी लकड़ी लेकर मारने दौड़ पड़ा तथा जान से मारने और उसकी इज्जत को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्रता और छेड़खानी जैसी हरकतें कर चुका है। इसी बीच आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह खुलेआम धमकी देता हुआ दिखाई दे रहा है।
महिला की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 238/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी सलीक अली को धारा 172 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार, महिला उपनिरीक्षक रेनू सिंह, कांस्टेबल हिमांशु जोशी और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह अधिकारी शामिल रहे।




