उत्तराखण्ड
रामनगर में अवैध खनन पर एक्शन: 6 वाहन पकड़े, डंपर-ट्रैक्टर जब्त
रामनगर में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई जारी है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत वन सुरक्षा बल और रामनगर रेंज की टीम ने संयुक्त गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों को पकड़ लिया।
प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन और उप प्रभागीय वनाधिकारी व क्षेत्रीय अधिकारियों के नेतृत्व में 06 अप्रैल 2026 को की गई इस कार्रवाई में जुड़का क्षेत्र से एक डंपर (UK18CA 1957) को बिना अभिवहन पास और रॉयल्टी के पकड़ा गया। इसके अलावा नदी क्षेत्र में अवैध खनन करते हुए दो ट्रैक्टर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी मौके पर ही जब्त किया गया।
टीम ने गुलजारपुर बंद क्षेत्र में भी छापेमारी कर एक 10 टायरा डंपर (UK18CA 1850) को अवैध खनन में लिप्त पाया और उसे भी कब्जे में ले लिया। इस तरह कुल 6 वाहन वन विभाग की अभिरक्षा में लिए गए हैं।
सभी जब्त वाहनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए गुलजारपुर चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।




