उत्तराखण्ड
शादी के तीन महीने बाद नवविवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम
रामनगर। रामनगर कोतवाली क्षेत्र के चिल्किया गांव में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय मधु पत्नी खीम सिंह निवासी चिल्किया ने अपने घर में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
मृतका मूल रूप से जसपुर क्षेत्र की रहने वाली थी और उसके पिता का नाम चन्द्रपाल सिंह बताया गया है। पुलिस के अनुसार मधु की शादी करीब तीन माह पूर्व ही हुई थी। विवाह के इतने कम समय बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
चूंकि विवाह को सात वर्ष से कम समय हुआ था, इसलिए नियमानुसार मामले की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।




