उत्तराखण्ड
गणित के पेपर में गड़बड़ी का आरोप, बोनस अंक की मांग को लेकर बोर्ड सचिव से मिला शिक्षक संगठन
देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं की चल रही परीक्षाओं के बीच गणित के प्रश्नपत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रश्नपत्र में त्रुटियों और पाठ्यक्रम से बाहर के सवाल पूछे जाने का आरोप लगाते हुए राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा परिषद के सचिव वी.पी. सिमल्टी से मुलाकात कर छात्रों को बोनस अंक देने की मांग उठाई।
प्रांतीय नेता नवेंदु मठपाल के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल ने बोर्ड सचिव को बताया कि हाईस्कूल गणित प्रश्नपत्र संकेतांक 231 (HRG) में प्रश्न संख्या 22 “समतल आकृतियों के संयोजन के क्षेत्रफल” से संबंधित है, जो प्रश्नावली 12.3 पर आधारित है। जबकि यह प्रश्नावली सत्र 2023-24 से परिषद द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम से हटा दी गई है। ऐसे में यह सवाल पाठ्यक्रम से बाहर का माना जा रहा है।
इसी तरह इंटरमीडिएट गणित प्रश्नपत्र संकेतांक 428 (IRS) में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया। संगठन के अनुसार प्रश्न संख्या 1(ञ) में सही उत्तर ‘A गलत और R सही’ होना चाहिए था, लेकिन दिए गए विकल्पों में यह उत्तर मौजूद नहीं है। इसके अलावा प्रश्न संख्या 14 भी गलत प्रिंट हुआ है, जिसमें ‘C’ को 3×3 का आव्यूह होना चाहिए था, तभी प्रश्न तार्किक रूप से सही बनता।
शिक्षक संगठन ने बोर्ड सचिव से मांग की कि इन त्रुटिपूर्ण प्रश्नों की विषय विशेषज्ञों से समीक्षा कराई जाए और छात्र हित में सभी परीक्षार्थियों को बोनस अंक दिए जाएं, ताकि किसी भी विद्यार्थी का नुकसान न हो।
बोर्ड सचिव वी.पी. सिमल्टी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित प्रश्नपत्रों की विषय विशेषज्ञों से जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि बच्चों का किसी भी कीमत पर अहित नहीं होने दिया जाएगा।
वार्ता के दौरान संगठन की ओर से नवेंदु मठपाल, अजय धस्माना, नवीन तिवारी, बालकृष्ण चंद और देवेंद्र सिंह भाकुनी मौजूद रहे।




