उत्तराखण्ड
हरिद्वार में नई न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, अमित शाह ने किया उद्घाटन
हरिद्वार में नई न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, अमित शाह ने किया उद्घाटन
हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में उत्तराखंड पुलिस द्वारा आयोजित नई ‘न्याय संहिता’ पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और उत्तराखंड पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, माताओं और बहनों से अपील की कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन कर नई न्याय संहिता के प्रावधानों की जानकारी प्राप्त करें।
उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, पुलिस अधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों और अन्य हितधारकों को आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
प्रदर्शनी में नई न्याय संहिताओं की प्रमुख विशेषताओं को सरल, दृश्य और इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिए समझाया जा रहा है। इसमें निम्न प्रमुख प्रावधानों पर विशेष जानकारी दी जा रही है—
▫️अपराधों की समयबद्ध जांच और चार्जशीट दाखिल करने की व्यवस्था
▫️जीरो FIR और ई-FIR की सुविधा
▫️सात वर्ष से अधिक सजा वाले अपराधों में अनिवार्य फॉरेंसिक जांच
▫️इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों की वैधता
▫️महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के लिए सख्त प्रावधान
पुलिस मुख्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भारतीय न्याय संहिता जैसे नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल रहा है।
हरिद्वार में आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रदर्शनी 11 मार्च तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी, जहां लोग नई न्याय संहिता से जुड़े प्रावधानों को विस्तार से समझ सकेंगे।




