Connect with us

उत्तराखण्ड

25-26 मई को बैंक हड़ताल: SBI कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, काला मास्क पहन मनाएंगे शोक दिवस

रामनगर। बैंक कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कर्मचारी संघ के बैनर तले 25 और 26 मई 2026 को देशव्यापी दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया गया है। हड़ताल से पहले मंगलवार को रामनगर के कोसी रोड स्थित क्षेत्र में बैंक कर्मचारियों ने भोजन अवकाश के दौरान प्रदर्शन कर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन हल्द्वानी मॉड्यूल के सहायक महासचिव चंदन सिंह बिष्ट ने कहा कि संगठन हमेशा बैंक कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करता आया है। उन्होंने बताया कि 25 और 26 मई को हल्द्वानी मॉड्यूल के सभी लिपिक एवं अधीनस्थ कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संदेशवाहकों की भर्ती, सशस्त्र गार्डों की नियुक्ति, एनपीएस कर्मचारियों को प्रबंधक बदलने का विकल्प, वर्ष 2019 से कार्यरत कर्मचारियों के लिए अंतर-सर्किल स्थानांतरण की सुविधा, स्थायी नौकरियों में आउटसोर्सिंग बंद करना तथा पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की भर्ती शामिल है। इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर में क्रॉस-सेलिंग के नाम पर हो रही गलत बिक्री को बंद करने की मांग भी कर्मचारियों द्वारा उठाई जा रही है।
चंदन सिंह बिष्ट ने कहा कि बुधवार को पूरे देश में बैंक कर्मचारी काला मास्क पहनकर “शोक दिवस” मनाएंगे। उन्होंने दावा किया कि हिंदुस्तान के बैंकिंग इतिहास में पहली बार सभी बैंक कर्मचारी शोक दिवस के दौरान उपवास भी रखेंगे।
प्रदर्शन में आंचलिक सचिव हेम चंद्र आर्या, यस अग्रवाल, महेंद्र सिंह भंडारी, मान सिंह, रघुवरी सिंह, विजय जोशी, हेमंत जोशी और प्रेरणा बिष्ट सहित कई बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page