उत्तराखण्ड
सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड में बड़ा खुलासा… आखिर कौन हैं वो 6 चेहरे जिन पर लगा 1-1 लाख का इनाम?
देहरादून के चर्चित सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड में अब पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। महीनों से फरार चल रहे 6 आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। साथ ही सभी के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हो चुके हैं। अब उत्तराखंड पुलिस की टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर इनकी तलाश में जुट गई हैं।
यह वही सनसनीखेज मामला है जिसने फरवरी महीने में देहरादून को दहला दिया था, जब डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। भीड़भाड़ वाले मॉल में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए थे।
पहले 2 आरोपी पकड़ाए, अब 6 अभी भी फरार
घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
राजकुमार को 19 फरवरी को जमशेदपुर से पकड़ा गया।
अक्षत ठाकुर को 23 फरवरी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
लेकिन जांच आगे बढ़ी तो CCTV फुटेज और पूछताछ में 6 और नाम सामने आए, जो अब तक पुलिस पकड़ से बाहर हैं।
इन 6 फरार आरोपियों पर 1-1 लाख का इनाम
पुलिस ने जिन आरोपियों पर इनाम घोषित किया है, उनमें शामिल हैं—
अंकित वर्मा
आशुतोष सिंह
विशाल सिंह
आकाश कुमार प्रसाद
यशराज
जितेन्द्र कुमार साहु
बताया जा रहा है कि अधिकतर आरोपी झारखंड के जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
क्यों बढ़ी पुलिस की बेचैनी?
लगातार दबिशों के बावजूद आरोपी हाथ नहीं लग रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने इनाम घोषित कर दबाव बढ़ा दिया है। अब यह मामला केवल हत्या नहीं, बल्कि पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है।




