Connect with us

उत्तराखण्ड

ब्रेकिंग न्यूज़ | रामनगर के कुनखेत क्षेत्र में बाघ का हमला, घास काट रही 65 वर्षीय महिला गंभीर घायल

रामनगर/नैनीताल, 26 जुलाई। नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग के कुनखेत क्षेत्र में रविवार सुबह बाघ के हमले से एक 65 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती बसंती देवी (65 वर्ष), पत्नी श्री बाली राम, निवासी कुनखेत, पोस्ट ऑफिस मोहान, जिला नैनीताल, रविवार सुबह करीब 9:00 बजे कुनखेत स्थित बैली रिजॉर्ट्स के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला। वन विभाग की कोसी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में घायल महिला को रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। वहीं आसपास के ग्रामीणों में बाघ की मौजूदगी को लेकर भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की निगरानी के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
एटम बम न्यूज़ इस घटना से जुड़े हर अपडेट पर नज़र बनाए हुए है। जैसे ही वन विभाग या प्रशासन की ओर से नई जानकारी सामने आएगी, खबर को अपडेट किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page