उत्तराखण्ड
अदालत के आदेश पर भाजपा कार्यकर्ता नदीम अख्तर व भाइयों पर केस दर्ज, महिला ने लगाए गंभीर आरोप
रामनगर। कोतवाली पुलिस ने भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता नदीम अख्तर और उनके भाइयों शैफुल्ला व फईम के खिलाफ अदालत के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पीड़िता निशा खान की शिकायत पर की गई है, जिसमें उन्होंने आरोपियों पर मारपीट, धमकी और हथियार दिखाकर डराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
निशा खान के अनुसार, बीती 24 फरवरी को वह अपने पति के साथ स्कूटी से खताड़ी जा रही थीं। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार सवार शैफुल्ला ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद शैफुल्ला ने अपने भाई नदीम अख्तर और फईम समेत अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। निशा का कहना है कि आरोपियों ने उनके पति पर पिस्टल तान दी, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घटना से जुड़े और भी गंभीर आरोप अपनी शिकायत में लगाए हैं।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह शिकायत लेकर पुलिस के पास गईं तो मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर अब कोतवाली रामनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152(2), 126, 281, 351(3), 352 और 74 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ता नदीम अख्तर ने अपने और अपने भाइयों पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें और उनके भाइयों को साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




