Connect with us

उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री ने किया सर्वोदय-2024 कार्यक्रम में प्रतिभाग

मुख्यमंत्री ने किया सर्वोदय-2024 कार्यक्रम में प्रतिभाग

रामनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रामनगर स्थित पी.एन.जी.पी.जी. कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित सर्वोदय-2024 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऐसा संगठन है जो सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के लिये समर्पित है। देश का भविष्य़ युवा पीढ़ी के हाथ में है और उन पर देश को नई ऊचाईयों और विकास के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र राजनीति को नये भारत के निर्माण में योगदान देने वाला बताया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रामनगर में मीडिया सेंटर बनाने, पेयजल के 40 नलकूपों को उर्जायुक्त करने, पालिका इलाकों में नई सीवर लाइन, बालिका संकाय में कक्षा कक्ष निर्माण और महाविद्यालय के खेल मैदान को बेहतर बनाने की घोषणा की। रामनगर में समाज सेवा तथा सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले 5 समाज सेवियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन में उन्हें छात्रों की ऊर्जा देखकर अपने विद्यार्थी जीवन का स्मरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को आशा भरी निगाह से देख रही है और इसके पीछे मुख्य योगदान हमारी युवा शक्ति का है। जब इतनी बड़ी शक्ति देश निर्माण में अपना योगदान दे रही है, तो वह दिन दूर नहीं जब भारत विश्व के देशों का भी मार्गदर्शन करेगा।

केदारनाथ यात्रा मार्ग में फंसे लोगों का किया जा रहा रेस्क्यू

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ मार्ग में बीते दिनों प्राकृतिक आपदा से जन जीवन प्रभावित हुआ है। वहां फंसे लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है और राहत और बचाव के कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, सेना और अन्य सुरक्षा टीम बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। धाम में फंसे लोगों को हैली सेवा के माध्यम से सुरक्षित स्थानों में भेजा जा रहा है।

उत्तराखंड सतत विकास सूचकांक की सूची में भारत में प्रथम स्थान पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में लगातार बेहतर विकास कार्य हो रहे हैं। समाज के अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा जारी सतत विकास सूचकांक की रिपोर्ट में पूरे देश में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह राज्य सरकार द्वारा राज्य के समग्र विकास में की जा रही पहल को दर्शाता है।

3 साल में 16 हजार युवाओं को दी गई सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन साल में बिना किसी भेदभाव, पेपर लीक, रिश्वत या सिफारिश के 16 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रयत्नशील रही है और हर क्षेत्र में हर वर्ग के लोगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने नकल माफियाओं के विरुद्ध सख्त नकल विरोधी कानून का प्रावधान भी किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश प्रगति के नए आयाम प्राप्त कर रहा है और विश्व में प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा मिली है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्ण मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार रूप देने के लिए उत्तराखण्ड में हरेला लोकपर्व के अवसर पर एक माह तक वृक्षारोपण का अभियान चलाने की घोषणा की। राज्य में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन की दिशा में बेहतर कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, छात्र संघ अध्यक्ष पीयूष जोशी, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी पीएन मीणा, एडीएम शिव चरण द्विवेदी सहित कई पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page