उत्तराखण्ड
नैनीताल पुलिस ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज महोत्सव, संस्कृति और उल्लास के रंग में रंगा पुलिस परिवार
हल्द्वानी। सावन की हरियाली, लोक परंपराओं की मिठास और उत्साह से भरे माहौल के बीच नैनीताल पुलिस परिवार ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित मधुबन वाटिका में हरियाली तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया। महिला पुलिस कर्मियों, पुलिस परिवार की गृहणियों और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।
महोत्सव की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुई। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत उन्हें हरे-भरे पौधे भेंट कर किया गया। इसके साथ ही पारंपरिक रूप से गजरा पहनाकर सावन की संस्कृति और परंपरा का रंग भी दिखाई दिया।
दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जिला जज नैनीताल की पत्नी मीनाक्षी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, श्रीमती उर्मिला पींचा, जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत, शिक्षाविद् डॉ. प्रभा पंत और महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी की मनोविज्ञान विभाग की डॉ. रश्मि पंत सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
महोत्सव की मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल, पत्नी एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., रहीं। वहीं श्रीमती विनीता जगदीश चौधरी और श्रीमती रीतू कत्याल आयोजन की प्रमुख सदस्य रहीं। सभी अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भी निभाई।
झूले से लेकर रैंप वॉक तक, खूब जमा सावन का रंग
हरियाली तीज महोत्सव में पारंपरिक झूले ने खास आकर्षण बटोरा। अतिथियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने झूले का आनंद लिया और सावन की यादों को जीवंत किया।
तीज क्वीन प्रतियोगिता में रैंप वॉक, क्विज और रैंडम सॉन्ग डांस जैसे रोचक राउंड आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम में खूब रंग जमाया।
वहीं महिलाओं और बच्चों की सोलो डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया।
इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
सोलो डांस में मीनाक्षी ने प्रथम, आरती ने द्वितीय और जानकी भंडारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
तीज क्वीन प्रतियोगिता में भावना पांडे प्रथम, शिवांगी जोशी द्वितीय और शीला मेहता तृतीय रहीं।
45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बसंती पुजारी ने पहला, पुष्पा टम्टा ने दूसरा और गीता चौहान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मेहंदी प्रतियोगिता में अंजू भंडारी प्रथम, सुनीता बेनी द्वितीय और सीनू तृतीय रहीं।
रंगोली प्रतियोगिता में आराध्या ने प्रथम, दीपा त्रिलोकी ने द्वितीय और रेनू अधिकारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन महिला उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक और श्रीमती शालिनी मेहता ने किया।

आयोजकों ने जताया आभार
समापन अवसर पर मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, पुलिस परिवार के सदस्यों और आयोजन से जुड़े सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने भी आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक टीम, मैनेजमेंट, एंकर, साउंड टीम और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी जुड़ाव और उत्साह को बढ़ाते हैं तथा स्वास्थ्य विभाग में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।
महोत्सव के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और सावन के इस पारंपरिक पर्व का भरपूर आनंद उठाया।
इस आयोजन को सफल बनाने में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, नोडल अधिकारी महोत्सव, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सहायक नोडल अधिकारी, के पर्यवेक्षण में प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, पीआरओ हेमा ऐठानी, प्रभारी साइबर सेल नीशू गौतम सहित पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




