Connect with us

उत्तराखण्ड

रामनगर के जंगल में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात जंगल गोलियों की आवाज से गूंज उठा। पुलिस की दबिश के दौरान एक वांटेड आरोपी ने टीम को देखते ही कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।
मुठभेड़ की यह सनसनीखेज घटना मालधन के 64 नंबर गेट के जंगल में हुई।

पुलिस के अनुसार शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी।
बताया गया कि पुलिस की घेराबंदी महसूस होते ही आरोपी हाथीडंगर वन विभाग चेकपोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग निकला और छिप गया। पुलिस टीम ने जब जंगल में उसकी तलाश शुरू की तो आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक करीब तीन राउंड फायर किए गए और इस दौरान पुलिस के एक वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम भी सतर्क हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने जंगल को चारों तरफ से घेरकर आरोपी के भागने के रास्ते बंद कर दिए।
इसके बाद पुलिस और आरोपी के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में कर लिया।
घायल आरोपी को तत्काल रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. तौहीद के अनुसार युवक के पैर में गोली लगी थी, जो आर-पार निकल गई थी। चिकित्सकीय उपचार के बाद आरोपी को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया।

करीब 15 मुकदमों का आरोपी बताया गया

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी हाल में रामनगर क्षेत्र में हुई एक घटना में भी वांछित था और काफी समय से उसकी तलाश चल रही थी।
फिलहाल मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उसके आपराधिक नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page