उत्तराखण्ड
विप्रो अर्थियन में शाइनिंग स्टार स्कूल की राष्ट्रीय सफलता पर CM धामी की बधाई, उत्तराखंड की पर्यावरणीय शिक्षा को बताया प्रेरणादायी
विप्रो अर्थियन में शाइनिंग स्टार स्कूल की राष्ट्रीय सफलता पर CM धामी की बधाई, उत्तराखंड की पर्यावरणीय शिक्षा को बताया प्रेरणादायी
देहरादून/रामनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर शाइनिंग स्टार स्कूल, रामनगर को विप्रो अर्थियन कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड की पर्यावरण-संवेदनशील एवं मूल्य आधारित शिक्षा प्रणाली के लिए सशक्त कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को शिक्षा के साथ व्यवहार में उतारने की यह पहल सराहनीय है। इसमें छात्रों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता ने यह साबित किया है कि जब शिक्षा को व्यावहारिक जीवन से जोड़ा जाता है, तो उसका प्रभाव समाज तक दूरगामी होता है।
सीएम धामी ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए शाइनिंग स्टार स्कूल, रामनगर के समस्त विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सफलता राज्य के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और पर्यावरणीय चेतना के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गौरतलब है कि विप्रो अर्थियन जैसे राष्ट्रीय मंच पर शाइनिंग स्टार स्कूल की उपलब्धि ने न केवल रामनगर बल्कि पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि राज्य में नवाचार आधारित, जिम्मेदार और टिकाऊ शिक्षा की दिशा में बढ़ते कदमों को भी रेखांकित करती है।




