Connect with us

उत्तराखण्ड

विकासनगर में खाटू श्याम धाम का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विकासनगर, देहरादून स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम आस्था के प्रतीक होने के साथ ही हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले ‘हारे के सहारे’ हैं। जो भी सच्चे मन से बाबा को पुकारता है, उसकी झोली कृपा से भर जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा श्याम हर हृदय में विराजमान हैं। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक आयोजन बताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से उन्हें प्रदेश की जनता की सेवा का अवसर मिला है और वे जनता के विश्वास को बनाए रखते हुए निष्ठा और ईमानदारी से राज्य की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जीवन में सफलता के लिए कौशल के साथ समर्पण भी आवश्यक है और समर्पित भाव से किया गया हर कार्य अवश्य सफल होता है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने बाबा केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, और कहा कि राज्य सरकार उसी संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page