उत्तराखण्ड
पेट्रोल-डीजल और गैस के बढ़ते दामों पर सड़क पर उतरी कांग्रेस, भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन
महंगाई पर कांग्रेस का हल्ला बोल, रामनगर में फूंका भाजपा सरकार का पुतला
“गैस हजार के करीब, पेट्रोल-डीजल से बढ़ा जनता का बोझ”— रणजीत रावत
रामनगर। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में भाजपा सरकार का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
रानीखेत रोड पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। पूर्व विधायक रणजीत रावत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी का असर अब हर जरूरत की वस्तु पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें भी करीब एक हजार रुपये तक पहुंच गई हैं, जबकि हाल ही में इसमें फिर से बढ़ोतरी की गई है।
रणजीत रावत ने कहा कि महंगाई के कारण आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। रसोई से लेकर बाजार तक हर चीज महंगी हो चुकी है और लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार आज जनता को महंगाई के बोझ तले दबा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूरे उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं और रामनगर में भी इसी क्रम में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष देशबंधु रावत, भुवन पांडेय, अनिल अग्रवाल, विमला आर्या, बीना रावत, दीप्ति भारद्वाज, ममता आर्या, लीलाधर जोशी, दरवान सिंह रावत, रमेश जोशी, अतुल अग्रवाल, जावेद खान, मो. अजमल, अश्वनी सिद्धार्थ, दीपक मसीह, कुबेर बिष्ट, हरदीप सिंह, नजाकत अली, सनब्बर कुरैशी, पंकज सुयाल, शोएब राजा, कमल नेगी, अनीश खान, प्रेम जैन, धीरज उपाध्याय, सुमित तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




