उत्तराखण्ड
देहरादून हत्याकांड पर सीपीआई नेता इंद्रेश मैखुरी का हमला, बोले- “उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट”
देहरादून हत्याकांड पर सीपीआई नेता इंद्रेश मैखुरी का हमला, बोले- “उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट”
देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला में मामूली विवाद के दौरान हुई विनोद कुमार की हत्या को लेकर भाकपा (माले) के नेता ने राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर तीखा सवाल खड़ा किया है। उन्होंने घटना को “निंदनीय और जघन्य” बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
श्री मैखुरी ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि राज्य की कानून व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री केवल चुनिंदा मामलों में ही प्रतिक्रिया देते हैं, जबकि अपराध चाहे किसी भी व्यक्ति या समुदाय द्वारा किया गया हो, उसकी जिम्मेदारी सरकार और पुलिस प्रशासन की होती है।
भाकपा (माले) नेता ने कहा कि अपराध की घटनाओं को कुछ सांप्रदायिक संगठन अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के अवसर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे तत्वों का न्याय व्यवस्था से कोई सरोकार नहीं है, बल्कि वे समाज में विभाजन पैदा करने का काम कर रहे हैं।
मैखुरी ने हाल के घटनाक्रमों का हवाला देते हुए कहा कि स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि राजमार्ग खाली करवाने के लिए सुरक्षा बलों की मदद लेनी पड़ी। उन्होंने इसे राज्य की पुलिस व्यवस्था की कमजोरी का संकेत बताया।
उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई की राजनीति पर भी सवाल उठाए। मैखुरी ने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने का रास्ता अदालत और कानून हैं, न कि भीड़ की भावनाओं को संतुष्ट करने वाली कार्रवाई। उन्होंने कहा कि न्यायप्रिय समाज में कानूनी प्रक्रिया सर्वोपरि होनी चाहिए और किसी भी घटना को सांप्रदायिक रंग देकर उसका राजनीतिक लाभ उठाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
भाकपा (माले) नेता ने मांग की कि विनोद कुमार हत्याकांड के आरोपियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाए और साथ ही ऐसी घटनाओं का इस्तेमाल सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए करने वालों पर भी प्रभावी रोक लगाई जाए।




