Connect with us

उत्तराखण्ड

शिक्षा सुधार पर सीएस राधा रतूड़ी सख्त: जिलाधिकारियों को योजनाओं की ऑनरशिप लेने के निर्देश

शिक्षा सुधार पर सीएस राधा रतूड़ी सख्त: जिलाधिकारियों को योजनाओं की ऑनरशिप लेने के निर्देश

देहरादून, 04 मार्च 2025 – उत्तराखंड में स्कूली शिक्षा के कायाकल्प को लेकर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने जिलाधिकारियों को शिक्षा योजनाओं की ऑनरशिप लेने के सख्त निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने सम्पर्क योजना के तहत शिक्षा सुधारों की प्रगति की समीक्षा की और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए डीएम डैशबोर्ड के माध्यम से निरंतर मॉनिटरिंग का आदेश दिया।

सम्पर्क योजना की अनिवार्य मासिक समीक्षा के निर्देश

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को हिदायत दी कि वे प्रत्येक माह सम्पर्क योजना की समीक्षा करें और इसके प्रभावी कार्यान्वयन के लिए डीईओ (जिला शिक्षा अधिकारी) व बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्होंने विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से भी इस योजना के अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) को अनिवार्य करने का निर्देश दिया।

विशेष फोकस वाले ब्लॉक

शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चम्पावत, सितारगंज, पौड़ी, खिर्सू, डीडीहाट तथा ऊखीमठ ब्लॉक को प्राथमिकता दी गई है। मुख्य सचिव ने कहा कि इन क्षेत्रों में सम्पर्क योजना के तहत डिजिटल लर्निंग टूल्स और स्मार्ट क्लासेस को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, जिससे छात्रों को बेहतर और संवादात्मक (Interactive) शिक्षण अनुभव मिल सके।

राज्य के 25% स्कूल स्मार्ट क्लासेज में अपग्रेड

सम्पर्क योजना के अंतर्गत अब तक राज्यभर के 25% स्कूलों को स्मार्ट क्लासेस में अपग्रेड किया जा चुका है। 3237 प्राथमिक विद्यालय और 1100 उच्च प्राथमिक विद्यालयों सहित कुल 4337 विद्यालयों को इस योजना के तहत डिजिटल सुविधाओं से लैस किया गया है।

डिजिटल एजुकेशन का विस्तार: 2014 से चल रही है योजना

समग्र शिक्षा उत्तराखंड और सम्पर्क फाउंडेशन के बीच 2014 में एमओयू के तहत इस योजना की शुरुआत हुई थी। इसके तहत राज्य के 13 जिलों के 95 ब्लॉक के 11,479 स्कूलों में डिजिटल संसाधनों की व्यवस्था की गई है, जिसमें—
टीवी डिवाइसेज और स्मार्ट एलईडी टीवी
सम्पर्क स्मार्टशाला एफएलएन एंड साइंस टीवी डिवाइसेज (1000 से अधिक ऑफलाइन कंटेंट के साथ)
वीडियो आधारित शिक्षण सामग्री
इंटरेक्टिव डिजिटल लर्निंग टूल्स
शामिल हैं।

शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सामूहिक भागीदारी अनिवार्य

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को शिक्षा क्षेत्र में सुधार को एक महाअभियान की तरह चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, अभिभावकों सहित सभी हितधारकों को इस योजना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी

टीचर्स रिपोर्ट कार्ड का हुआ विमोचन

बैठक के दौरान मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने सम्पर्क फाउंडेशन और शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किए गए ‘टीचर्स रिपोर्ट कार्ड’ का भी विमोचन किया, जिससे शिक्षकों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय बैठक में सचिव श्री रविनाथ रमन, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सभी जिलाधिकारी (वर्चुअल माध्यम से) एवं सम्पर्क फाउंडेशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे

एटम बम

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page