उत्तराखण्ड
कॉर्बेट में मिला नर गुलदार का श*व, पोस्टमार्टम में बाघ के हमले से मौ*त की पुष्टि

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के फाटो पूर्वी बीट क्षेत्र में शनिवार सुबह गश्त के दौरान एक नर गुलदार का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, फाटो पूर्वी बीट के कंपार्टमेंट संख्या 47 में बाउंड्री पिलर संख्या 07 के पास एक नर गुलदार मृत अवस्था में मिला। इसके बाद वरिष्ठ पशु चिकित्सकों का पैनल गठित कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृत नर गुलदार की उम्र लगभग दो वर्ष आंकी गई है। जांच में उसकी मौत का कारण आपसी संघर्ष के दौरान बाघ द्वारा हमला होना पाया गया। अधिकारियों के अनुसार गुलदार के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं।
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग अभियान भी चलाया, लेकिन किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सामग्री नहीं मिली।
वन विभाग की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और मानक प्रक्रिया के तहत मौके पर ही शव का विधिवत निस्तारण कर दिया गया।
वन अधिकारियों का कहना है कि जंगलों में वन्यजीवों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व और आपसी संघर्ष की घटनाएं सामान्य रूप से होती रहती हैं, और कई बार ऐसे संघर्ष गंभीर परिणाम भी पैदा कर देते हैं।




