उत्तराखण्ड
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल जनसभा, CM धामी ने संभाली कमान
21 मार्च को राजनाथ सिंह की जनसभा—सीएम धामी ने संभाली कमान
हल्द्वानी, 20 मार्च 2026। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के मौके पर हल्द्वानी में होने जा रही भव्य जनसभा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 21 मार्च को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद तैयारियों की कमान संभालते हुए शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे। काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उन्होंने साफ निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसभा में आने वाली भीड़ के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
जनसभा के चलते शहर में ट्रैफिक व्यवस्था भी बड़ा मुद्दा बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर उसका व्यापक प्रचार किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों और बाहरी आगंतुकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक और निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस जनसभा में जुटने वाली भीड़ सिर्फ सरकारी आंकड़ों तक सीमित रहती है या वास्तव में जनता का उत्साह भी दिखाई देता है।




