उत्तराखण्ड
देहरादून अलर्ट! तड़के से शहर से देहात तक नाकेबंदी, हर गाड़ी-हर शख्स की जांच
देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार तड़के से ही अचानक सघन चेकिंग अभियान शुरू होने से शहर से लेकर देहात तक अफरा-तफरी का माहौल दिखा। जनपद के 20 अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी कर हर आने-जाने वाले वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।
चेकिंग अभियान इतनी अचानक शुरू हुआ कि सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोग जगह-जगह रुकते और पूछताछ झेलते नजर आए। सीमावर्ती चेक पोस्ट, आंतरिक मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर वाहनों की तलाशी ली और संदिग्धों से पहचान व सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार यह अभियान पूरे जनपद में एक साथ चलाया गया, जिसमें नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अलग-अलग टीमें तैनात की गईं। हर छोटे-बड़े मार्ग पर निगरानी रखी गई, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखी जा सके।
अभियान के दौरान खासतौर पर बाहरी जनपद से आने वाले लोगों और वाहनों पर पैनी नजर रखी गई। कई जगहों पर राहगीरों से भी पूछताछ कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और संदिग्ध गतिविधियों की आशंकाओं के बीच यह चेकिंग अभियान प्रशासन की बढ़ती सतर्कता का संकेत माना जा रहा है। हालांकि अचानक हुई सख्ती से आम लोगों को भी जगह-जगह रोक-टोक का सामना करना पड़ा, जिससे कई क्षेत्रों में कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति भी बनी रही।
अब देखना यह होगा कि इस सघन चेकिंग का असर अपराध नियंत्रण पर कितना पड़ता है या फिर यह सिर्फ कुछ दिनों की औपचारिक सख्ती बनकर रह जाएगी।




