उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में 495 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी, रामनगर में मल्टीलेवल पार्किंग समेत कई अहम फैसलों पर मुहर
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के लिए लगभग 495 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क, बिजली, शहरी विकास, पर्यटन और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
सरकार ने 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया है। कुंभ क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 43.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
बैठक में राज्यभर में सड़क निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए भी बड़ी राशि मंजूर की गई। साथ ही शहरी निकायों और जिला पंचायतों को विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन और शहरी सुविधाओं के तहत रामनगर में मल्टीलेवल पार्किंग तथा चम्पावत में एडवेंचर पार्क की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा रुद्रपुर पीएसी में निर्माण कार्यों सहित अन्य परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है।
बैठक में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का निर्णय भी लिया गया। वहीं, अल्मोड़ा जिले में दो सड़कों के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।
सरकार का कहना है कि इन फैसलों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार होगा।




