उत्तराखण्ड
ऑरेंज अलर्ट के चलते नैनीताल जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 9 जुलाई को रहेंगे बंद
नैनीताल, 8 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने 9 जुलाई (गुरुवार) को नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसी स्थिति में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




