उत्तराखण्ड
भीषण गर्मी का असर: नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में स्कूलों का समय बदला, सुबह 7 बजे से लगेंगी कक्षाएं
नैनीताल। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और हीटवेव के खतरे को देखते हुए नैनीताल जिले में स्कूलों के संचालन समय में बदलाव कर दिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल ने जनपद के मैदानी क्षेत्रों के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के लिए नई समयसारिणी जारी की है।
जारी आदेश के अनुसार हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों में 22 मई 2026 से अग्रिम आदेशों तक नई व्यवस्था लागू रहेगी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए छात्रों को दोपहर की तेज धूप से बचाने के लिए स्कूलों के समय में यह बदलाव किया गया है।
नई समयसारिणी के तहत विद्यालयों में सुबह 6:45 बजे प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षाओं का संचालन सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक होगा।
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित विद्यालय इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे और वहां पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही शिक्षण कार्य जारी रहेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच प्रशासन की यह पहल छात्रों को हीटवेव के प्रभाव से बचाने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।




