उत्तराखण्ड
कैंची धाम स्थापना दिवस पर श्रद्धा का सैलाब, प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
नैनीताल स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में आज स्थापना दिवस पूरे श्रद्धा-भाव के साथ मनाया जा रहा है। बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और मंदिर परिसर भक्ति, भजन-कीर्तन तथा प्रसाद वितरण से गुलजार है।श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। काठगोदाम रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों से शटल सेवा चलाई जा रही है, ताकि भक्तों को आसानी से धाम तक पहुंचाया जा सके ।सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग की टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए रूट डायवर्जन, वाहन प्रतिबंध और लाइन व्यवस्था लागू की गई है, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।कैंची धाम का स्थापना दिवस हर साल 15 जून को बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाता है, और इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं। इस बार भी धाम में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।




