Connect with us

उत्तराखण्ड

रामनगर में अवैध खनन पर वन विभाग की कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ीं

रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लिया। दोनों वाहन प्रतिबंधित क्षेत्रों से अवैध रूप से खनन सामग्री निकालते हुए पकड़े गए।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रभागीय वनाधिकारी तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर/जसपुर के निर्देशन में वन सुरक्षा बल और वन विभाग की टीमों द्वारा नियमित गश्त एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में कठियापुल स्थित प्रतिबंधित बंद क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बिना पंजीकरण संख्या वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध खनन करते हुए पकड़ा गया। वाहन को वन अभिरक्षा में लेकर विभागीय कार्यशाला परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में रामनगर क्षेत्र के बंजारी द्वितीय गेट के समीप प्रतिबंधित क्षेत्र में सघन गश्त के दौरान एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर कब्जे में लिया गया। वाहन को पापड़ी वन परिसर में सुरक्षित खड़ा कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में वन दरोगा, वन आरक्षियों एवं वाहन चालकों सहित वन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्रों में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page