उत्तराखण्ड
मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रैक्टर टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में लगी आग, महिला की मौत, 15 लोग घायल
हरिद्वार/रायवाला। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। मोतीचूर फ्लाईओवर के ऊपर उत्तराखण्ड रोडवेज की बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के बाद कई वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए। इस दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो-एन कार में आग लग गई, जिसकी लपटों में अन्य वाहन भी आ गए। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 की रात करीब 9:18 बजे 112 के माध्यम से कोतवाली रायवाला को सूचना मिली कि होटल गोडविन के सामने मोतीचूर फ्लाईओवर पर रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखण्ड रोडवेज बस (UK-04 PA-1678) और स्वराज-735 ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर हो गई है। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो-एन दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई और उसमें अचानक आग लग गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो के सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वाहन में आग लग गई और पास खड़े अन्य वाहन भी उसकी चपेट में आ गए। आग से HR-46 E-0605 ट्रोला और UK-07 HC-5084 XUV-300 कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में कुसुम (30 वर्ष), पत्नी सचिन, निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि दुर्घटना के दौरान वह ट्रोले के टायरों के नीचे आ गईं।
हादसे में घायल लोगों में कासिफ, सुभाष, विक्की, आरव, लवी, नीतू, सोनिया, अंशिका, दिव्याशु, अनमोल, सोनाक्षी, हर्ष, वंशिका, सिमरन और गुलशन शामिल हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से हरमिलाप अस्पताल हरिद्वार भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग देहरादून के प्रसिद्ध झंडा मेले से वापस अपने घर बिजनौर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश और प्रभारी निरीक्षक रायवाला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




