उत्तराखण्ड
सिडकुल में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा! ट्रांजिट कैंप में चल रहा था नकली जन सेवा केन्द्र, STF का छापा – आरोपी गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर जिले के ट्रांजिट कैंप इलाके में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां कथित “जन सेवा केन्द्र” की आड़ में आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट जैसे अहम दस्तावेजों का खुला खेल चल रहा था। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में इस फर्जी सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह जन सेवा केन्द्र बिना किसी वैध रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा था और यहां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से नकली दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। आरोप है कि सिडकुल में नौकरी पाने के लिए बाहरी राज्यों के लोगों को फर्जी स्थानीय आईडी उपलब्ध कराई जा रही थी, ताकि वे उत्तराखण्ड का निवासी दिखाकर रोजगार हासिल कर सकें।
एसटीएफ टीम ने छापेमारी के दौरान चेतन कुमार (21 वर्ष), निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) को कंप्यूटर पर फर्जी मार्कशीट बनाते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले एक साल से यह फर्जी जन सेवा केन्द्र चला रहा था और सिडकुल क्षेत्र में काम की तलाश में आए बाहरी लोगों के लिए नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षणिक प्रमाण पत्र तैयार करता था।
तलाशी के दौरान मौके से 42 आधार कार्ड, 55 पैन कार्ड, 9 मार्कशीट, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि बरामद आधार कार्डों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पते दर्ज थे, जिन्हें एडिट कर स्थानीय पता दर्शाने की तैयारी की जा रही थी।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन के जरिए ग्राहक की फोटो लेकर नाम और पता बदलकर मनमाने दाम पर नकली दस्तावेज प्रिंट कर देता था। अब तक वह करीब 400 से 500 लोगों के फर्जी कागजात तैयार कर चुका है।
यह खुलासा इस बात की ओर इशारा करता है कि औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में स्थानीय रोजगार की शर्तों को दरकिनार कर फर्जी दस्तावेजों के सहारे बाहरी लोगों की एंट्री कराई जा रही थी। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फर्जी तरीके से चल रहे जन सेवा केन्द्र को सील कर दिया गया है।
जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अन्य कड़ियों की तलाश में जुट गई हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन-किन को इसका लाभ मिला।




