उत्तराखण्ड
इंस्पेक्टर से डिप्टी एसपी बने उमेश मलिक और वेद प्रकाश भट्ट, नैनीताल में ‘पिपिंग सेरेमनी’ आयोजित
उत्तराखंड पुलिस में कर्तव्यनिष्ठा और लंबे सेवाकाल का सम्मान करते हुए नैनीताल जनपद में तैनात दो अनुभवी अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उमेश कुमार मलिक और वेद प्रकाश भट्ट को निरीक्षक (Inspector) से पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक (DySP) बनाया गया है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में नैनीताल में एक गरिमामयी पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों को उनके नए पद के बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
SSP ने पहनाए ‘DySP’ बैच
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर ‘DySP’ बैच लगाकर उन्हें औपचारिक रूप से नई जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने दोनों अधिकारियों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
23 साल की सेवा का मिला सम्मान
दोनों अधिकारियों ने वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक (SI) के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी और करीब दो दशक तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
उमेश कुमार मलिक ने देहरादून, STF, CID हल्द्वानी, चंपावत, पुलिस मुख्यालय समेत कई अहम जगहों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2016 में निरीक्षक बने और अब DySP पद पर पहुंचे हैं।
वेद प्रकाश भट्ट ने PAC, SDRF, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में अपनी सेवाओं से पहचान बनाई। वर्ष 2015 में दलनायक पद पर पदोन्नत हुए थे और अब DySP बने हैं।
सम्मान और शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई।
इस अवसर पर पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह पदोन्नति न सिर्फ दोनों अधिकारियों के समर्पण का सम्मान है, बल्कि पुलिस विभाग में मेहनत और ईमानदारी की एक मजबूत मिसाल भी है।




