उत्तराखण्ड
देहरादून: सैनिक सम्मेलन में 29 पुलिसकर्मी सम्मानित, कर्मियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर जनपद के पुलिस कर्मियों से सीधा संवाद किया। सम्मेलन के दौरान पुलिस कर्मियों की विभिन्न समस्याओं और सुझावों को सुना गया तथा उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सम्मेलन में एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 29 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मियों को भविष्य में भी अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के दौरान पुलिस बल के मनोबल, कार्य परिस्थितियों और व्यवस्थागत मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कर्मियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि फील्ड ड्यूटी में किसी प्रकार की बाधा न आए।

सम्मानित किए गए पुलिस कर्मियों में निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, महिला कर्मी, यातायात, एसओजी, दूरसंचार, जल पुलिस तथा विभिन्न थानों में तैनात कार्मिक शामिल रहे। इनमें प्रमुख रूप से निरीक्षक राकेश शाह, उपनिरीक्षक संदीप चौहान, विनय मित्तल, आशीष कुमार, विक्रम नेगी, सुमेर सिंह, अर्जुन गुसाई, कृपाल सिंह सहित कई अन्य कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस बल के साथ समन्वय मजबूत करना, उनकी समस्याओं को समझना और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना रहा, ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्वों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।




