Connect with us

उत्तराखण्ड

15 दिन में आवासीय और 30 दिन में गैर-आवासीय नक्शे पास करने के निर्देश

हल्द्वानी: मानचित्र स्वीकृति में ढिलाई पर सख्त जिलाधिकारी, 15 दिन में आवासीय और 30 दिन में गैर-आवासीय नक्शे पास करने के निर्देश

हल्द्वानी, 13 फरवरी 2026।
जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल की कार्यप्रणाली को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने लंबित आवासीय और गैर-आवासीय मानचित्रों की धीमी प्रक्रिया पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि आवासीय मानचित्र 15 दिन और गैर-आवासीय मानचित्र 30 दिन के भीतर हर हाल में स्वीकृत किए जाएं।
बैठक में जिला विकास प्राधिकरण के सचिव, संयुक्त सचिव और सभी अभियंताओं की मौजूदगी में डीएम ने कहा कि जिन मानचित्रों में आपत्तियां हों, उन्हें टुकड़ों में नहीं बल्कि एक ही बार में पूरी आपत्ति और संपूर्ण विवरण के साथ आवेदक को उपलब्ध कराया जाए, ताकि बार-बार लोगों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। साथ ही, संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लंबित होने पर हर सप्ताह अनुस्मारक पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
डीएम रयाल ने सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि हर सहायक अभियंता सप्ताह में अवर अभियंताओं के साथ मानचित्रों की प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य हों, किसी भी प्रकार का दबाव या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
उन्होंने सचिव और संयुक्त सचिव को भी क्षेत्रीय निरीक्षण और लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि तय समय सीमा में मानचित्र स्वीकृति सुनिश्चित की जाए और ऐसी व्यवस्था बने कि आम जनता को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
बैठक में सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, संयुक्त सचिव गोपाल सिंह चौहान सहित सभी सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page