उत्तराखण्ड
रामनगर में ‘ताश के शहंशाह’ पकड़े गए ! ट्रांसपोर्ट नगर बना जुए का अड्डा, 9 हजार से ज्यादा कैश बरामद
रामनगर में ‘ताश के शहंशाह’ पकड़े गए ! ट्रांसपोर्ट नगर बना जुए का अड्डा, 9 हजार से ज्यादा कैश बरामद
रामनगर में जुए की बाजी खेल रहे पांच लोग पुलिस की नजर से बच नहीं पाए। ट्रांसपोर्ट नगर के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चैकिंग के दौरान पुलिस ने मौके पर दबिश दी और “खाईबाड़ी” में मशगूल खिलाड़ियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
30 मार्च 2026 को हुई इस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों की पहचान ललित मोहन (36) निवासी रानीखेत, हरीश कुमार (35) निवासी जोगीपुरा रामनगर, गोपाल सिंह (49) निवासी रानीखेत, रवीन्द्र कुमार नेगी (36) निवासी दुर्गापुरी लखनपुर रामनगर और महेन्द्र (33) निवासी नई बस्ती गुलरघट्टी रामनगर के रूप में हुई है।
मौके से पुलिस ने कुल 9515 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। यानी पूरा “जुए का दरबार” सजा हुआ था, जहां किस्मत की बाजी पर नोट उड़ाए जा रहे थे।
इस पूरे मामले में थाना रामनगर में FIR संख्या 92/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट नगर जैसे इलाके में इस तरह खुलेआम जुआ खेला जाना कई सवाल खड़े करता है—क्या यह खेल पहली बार हो रहा था या लंबे समय से यहां “ताश का खेल” परवान चढ़ रहा था?
फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जुआरियों में हड़कंप जरूर मच गया है, लेकिन सवाल वही—क्या यह सिर्फ एक दिन की कार्रवाई है या आगे भी ऐसे अड्डों पर लगाम लगेगी?




