उत्तराखण्ड
कोसी में खनन का खेल जारी! वन विभाग का बड़ा एक्शन, 4 वाहन सीज
रामनगर। कोसी नदी में अवैध खनन और उपखनिजों के खेल पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया। लगातार उठते सवालों और खनन गतिविधियों पर नजर रखने के बीच यह कार्रवाई सामने आई है, जिससे खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चन्द्र आर्या के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को संयुक्त टीम ने कटियापुल और बंजारी द्वितीय खनन क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध खनन और उपखनिज परिवहन करते हुए मौके से 10 टायरा के दो वाहन, 6 टायरा का एक वाहन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी।
वन विभाग की टीम ने चारों वाहनों को कब्जे में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अक्सर यह सवाल उठते रहे हैं कि खनन क्षेत्रों में नियमों के बावजूद अवैध गतिविधियां किस तरह जारी रहती हैं। ऐसे में यह कार्रवाई एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि निगरानी और सख्ती लगातार जरूरी बनी हुई है।
इस अभियान का नेतृत्व वन क्षेत्राधिकारी धर्मानन्द सुनाल ने किया। टीम में वन क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र सिंह बोरा, वन विकास निगम से त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, उपराजिक जगदीश चन्द्र पाण्डे, वन दरोगा अजमत खान, वन आरक्षी तेजपाल, विमल चौधरी, धीरज कुमार, विक्रम कुटलाकोटी, वाहन चालक मनोज तिवाड़ी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध उपखनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।




