Connect with us

उत्तराखण्ड

चंबा में मातम: गहरी खाई में गिरी मैक्स, 8 लोगों की दर्दनाक मौत, अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी यात्री


उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से इस समय एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस, प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान तेज किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं अब तक दो घायलों को खाई से बाहर निकाला गया है। घायलों में एक व्यक्ति की पहचान उत्तम कुमार (उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे मामूली चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल स्वयं मौके के लिए रवाना हो गई हैं। पुलिस, SDRF और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि यह वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और रास्ते में यह सफर मौत के सफर में बदल गया।
यह हादसा एक बार फिर उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग, वाहन फिटनेस और सतर्कता की जरूरत को उजागर करता है। लगातार हो रहे सड़क हादसे प्रशासन और परिवहन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page